×

यह भेड़ को कसाईखाने भेजने जैसा होगा..., गाबा में रोहित से ओपनिंग करवाने पर पूर्व पेसर

Australia vs India 3rd Test: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की बैटिंग पोजिशन को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. ऐडिलेड टेस्ट में उन्होंने नंबर छह पर बैटिंग की. यह प्रयोग असफल रहा. इसके बाद उन्हें ओपनिंग करने की सलाह दी गई. लेकिन पूर्व भारतीय पेसर इस बात से भी सहमत नहीं हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Published: Dec 10, 2024, 09:00 AM (IST)
Edited: Dec 10, 2024, 09:01 AM (IST)

रोहित शर्मा ने ऐडिलेड टेस्ट में पारी का आगाज नहीं किया. और इसके बाद कई पूर्व क्रिकेटर्स का कहना है कि रोहित को ब्रिसबेन टेस्ट में एक बार फिर ओपनिंग करनी चाहिए. हालांकि पूर्व क्रिकेटर डोडा गणेश का मानना है कि रोहित को शनिवार 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में पारी का आगाज नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह फैसला, ‘भेड़ के बच्चे को कसाईखाने’ भेजने जैसा होगा.

गणेश ने ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों के बारे में कहा कि वहां बल्लेबाजी आसान नहीं होती. वहां बैटिंग की चुनौतियों के बारे में उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘रोहित का आत्मविश्वास डिगा हुआ है और उन्होंने रन भी नहीं बनाए हैं. एक्सपर्ट का गाबा में ओपनिंग के लिए कहना अति साहसिक फैसला होगा. मैं बस यही कह सकता हूं. यह सीरीज भारतीय उपमहाद्वीप में नहीं खेली जा रही है जहां आप बल्ला चलाकर कुछ रन बना सकते हैं. अगर वह ओपनिंग करते हैं तो यह ऐसा होगा जैसे आप किसी भेड़ के बच्चे को कसाईखाने भेज दिया जाए.’

रोहित पहले टेस्ट में इस वजह से नहीं खेले थे क्योंकि वह दूसरी बार पिता बने थे. वहीं ऐडिलेड में खेले गए सीरीज के दूसरे मैच में वह बुरी तरह असफल रहे. उन्होंने पहली पारी में तीन और दूसरी में सिर्फ छह रन बनाए थे. हालांकि इस टेस्ट में उन्होंने नंबर छह पर बैटिंग की थी. रोहित के लिए SENA (South Africa, England, New Zealand, and Australia) देशों में रोहित का बल्लेबाजी रिकॉर्ड बहुत खराब है. यहां खेली गईं 46 पारियों में उनका बल्लेबाजी औसत 29.66 का है.

दूसरे टेस्ट मैच के बाद पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कहा था कि रोहित को ओपनिंग पर लौट जाना चाहिए. शास्त्री का कहना था कि रोहित एक आक्रामक बल्लेबाज हैं और वह टॉप ऑर्डर पर ज्यादा असर डाल सकते हैं. उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से कहा था, ‘वह वहां अधिक आक्रामक और खुलकर खेल सकते हैं. उनकी बॉडी लैंग्वेज देखकर ऐसा लग रहा था वह काफी बंधे-बंधे से हैं.’

TRENDING NOW

वहीं गावस्कर का मानना था कि राहुल सिर्फ इस वजह से ओपनिंग कर रहे थे क्योंकि रोहित पहले टेस्ट में मौजूद नहीं थे. और अब चूंकि रोहित लौट आए हैं तो उन्हें वापस अपनी पोजिशन पर जाना चाहिए.