×

IND vs AUS: बैटिंग कोच का क्या काम है... ब्रिसबेन में नाकामी के बाद फूटा मांजरेकर का गुस्सा

संजय मांजरेकर ने कहा है कि भारतीय टीम में बल्लेबाजी कोच की क्या भूमिका है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से टीम के बल्लेबाजों के साथ यह परेशानी बनी हुई है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Published: Dec 16, 2024, 11:35 AM (IST)
Edited: Dec 16, 2024, 11:35 AM (IST)

भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने टीम इंडिया के बैटिंग कोच की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय बल्लेबाजों की नाकामी एक बार फिर सामने आई है. ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम ने 48 रन अपने चार विकेट खो दिए हैं. ओपनर यशस्वी जायसवाल के अलावा शुभमन गिल, विराट कोहली और ऋषभ पंत जल्दी आउट हो गए.

भारतीय बल्लेबाजों की इस नाकामी के बाद संजय मांजरेकर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई से भारतीय कोचिंग स्टाफ में बैटिंग कोच की भूमिका पर सवाल उठाए. पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि टीम इंडिया की बैटिंग के साथ कई तकनीकी समस्याएं हैं जो बहुत लंबे समय से देखने को मिल रही हैं और ऐसे में टीम प्रबंधन को इसके लिए जवाबदेह होना चाहिए.

मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, ‘मुझे लगता है कि अब वक्त आ गया है कि भारतीय टीम में बैंटिंग कोच की भूमिका की जांच होनी चाहिए. आखिर भारतीय बल्लेबाजों के साथ इतने बड़ी तकनीकी समस्याएं अभी तक बनी हुई हैं. @BCCI.’

पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी को छोड़ दें तो इस दौरे पर भारतीय बल्लेबाजी बुरी तरह नाकाम रही है. टीम उसके अलावा एक बार भी 200 रनों के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई है. चार पारियों में टीम ने 150, 487/6, 180 और 175 रन ही बनाए हैं. और टीम की बल्लेबाजी की कमजोरी खुलकर सामने आई है.

स्टार्क ने जायसवाल को फिर आउट किया
मैच की बात करें तो तीसरे दिन भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. बाएं हाथ के पेसर मिशेल स्टार्क ने एक बार फिर यशस्वी जायसवाल को आउट किया. पारी की दूसरी ही गेंद पर जायसवाल ने गेंद को फ्लिक किया लेकिन गेंद सीधा मिडविकेट पर खड़े मिशेल मार्श के हाथों में गई. इसके बाद शुभमन गिल भी बाहर जाती गेंद पर ड्राइव करने के प्रयास में आउट हुए. स्लिप में मार्श ने एक और बेहतरीन कैच लपका.

ऑस्ट्रेलिया को पहले सेशन में एक और झटका लगा जब जोश हेजलवुड ने विरट कोहली को फिर ऑफ स्टंप के बाहर पकड़ा. पैट कमिंस ने ऋषभ पंत को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया. ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे.

TRENDING NOW

भारत के कोचिंग स्टाफ की बात करें तो मुख्य कोच गौतम गंभीर के अलावा टीम में अभिषेक नायर और रेयान तेनडेस्काते सहायक कोच हैं. वहीं टी. दिलीप फील्डिंग कोच की भूमिका में हैं.