युजवेंद्र चहल पर धनश्री का आखिरी पोस्ट, जन्मदिन पर कहा था- आपकी सबसे बड़ी चीयरलीडर
युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा के संबंधों पर खूब चर्चा हो रही है. और इस बीच यह भी वायरल हो रहा है कि आखिरी बार कब धनश्री ने चहल पर पोस्ट किया था.
भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल और उनकी पत्नी धनश्री वर्मा के संबंधों को लेकर खूब अटकलें चल रही हैं. खबरों की मानें तो चहल और धनश्री जल्द ही तलाक ले सकते हैं. दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है जिसके बाद रिश्तों में खटास की खबरों को बल मिला है. कहा तो यहां तक जा रहा है कि दोनों अब अलग रह रहे हैं और तलाक की घोषणा मजह औपचारिकता है. हालांकि दोनों में से किसी ने भी अपने रिश्तों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
चहल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से धनश्री के साथ अपनी तस्वीरें हटा दी हैं लेकिन धनश्री ने सभी तस्वीरें नहीं हटाई हैं. इससे फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. धनश्री का चहल के लिए आखिरी पोस्ट 23 जुलाई 2024 को था. इस दिन चहल का जन्मदिन था. इस पोस्ट में चहल और धनश्री की पांच तस्वीरें थीं. इसके साथ धनश्री ने कैप्शन लिखा था- 'महानतम स्पिनर और विजेता. आपका कौशल और अपनी टीम की जीत के लिए आपका जुनून आपकी सबसे बड़ी खासियत है… ईश्वर आप पर आशीर्वाद की वर्षा करे… हमेशा आपकी सबसे बड़ी चीयरलीडर. हैपी बर्थडे चुजवेंद्र जहल.
चहल और धनश्री की शादी साल 2020 में हुई थी. दोनों ने गुरुग्राम में दिसंबर 2020 में एक निजी समारोह में शादी की थी. धनश्री कोरियोग्राफर हैं और चहल ने उनके वीडियो देखकर लॉकडाउन के दौरान उनसे डांस सीखने के लिए संपर्क किया था. जल्द ही दोनों में प्यार हो गया. अगस्त 2020 में उनकी सगाई हुई और उसी साल उन्होंने शादी भी कर ली.
युजवेंद्र चहल ने आखिरी बार भारत के लिए अगस्त 2023 में टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था. भारत के लिए चहल ने 72 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 121 विकेट लिए. वहीं 80 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 96 विकेट लिए हैं. वह इस फॉर्मेट में भारत के सबसे कामयाब गेंदबाजों में शुमार हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए उन्हें टीम में चुना गया था लेकिन कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला था. भारतीय टीम से बाहर चल रहे चहल को इस बार आईपीएल 2024 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ रुपये देकर खरीदा है.