Sachin vs Smith: 114 टेस्ट मैच बाद सचिन और स्मिथ में कितना है फासला, देखें आंकड़े

सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के बीच आंकड़े तो आप अकसर देखते हैं. एक नजर डालते हैं सचिन और स्टीव स्मिथ के बीच नंबर्स पर.

By Bharat Malhotra Updated: Jan 08, 2025, 10:32 AM IST

Sachin Tendulkar vs Steve Smith Test Numbers after 114 Test Matches

स्टीव स्मिथ को मौजूदा दौर में फैब फोर में गिना जाता है. यानी दुनिया के चोटी के बल्लेबाज. ऑस्ट्रेलिया के इस स्टार बल्लेबाज ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में दो शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई.

स्मिथ ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में लगाई दो सेंचुरी

बॉर्डर-गावस्कर सीरीज से पहले स्मिथ का बल्लेबाजी फॉर्म इतना अच्छा नहीं था. और उनकी शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी. सीरीज के पहले दो मैचों में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे. यहां तक कि वह 20 के आंकड़े को भी नहीं छू पाए थे. इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम की खामियां उजागर होने लगी थीं. और टीम में स्मिथ की जगह को लेकर सवाल उठने लगे. लेकिन ब्रिसबेन में स्मिथ ने सेंचुरी लगाई. और फिर मेलबर्न में इसे दोहराया. इस सेंचुरी ने ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में 2-1 की बढ़त दिलाई.


बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज समाप्त होने के बाद स्टीव स्मिथ ने अपने करियर में 114 टेस्ट मैच खेले हैं. स्मिथ की तुलना अकसर विराट कोहली के साथ होती है लेकिन हम देखते हैं कि आखिर 114 टेस्ट मैच बाद सचिन और स्मिथ के आंकड़े कैसे हैं.

रनों के मामले में कौन है आगे

स्मिथ ने अपने करियर का आगाज भले ही लेग स्पिनर के तौर पर किया हो लेकिन वह अब वह कमाल के बल्लेबाज हैं. साल 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ लॉर्ड्स में किया था. उनके नाम अभी 9999 रन हैं. वहीं सचिन तेंदुलकर ने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था. अपना 114वां टेस्ट मैच भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ ही रावलपिंडी में साल 2004 में खेला था. 114 टेस्ट मैच बाद सचिन तेंदुलकर ने 9470 रन बनाए थे. यानी यहां स्मिथ सचिन से 500 से ज्यादा रनों से आगे हैं. लेकिन इसमें एक पेंच हैं.

औसत और पारियां.

हालांकि सचिन का बैटिंग ऐवरेज 114 टेस्ट मैच बाद 57.39 का था जो स्मिथ के 55.86 से ज्यादा है. स्मिथ 25 बार नॉट आउट रहे हैं और सचिन 19 बार नॉट आउट रहे थे. सचिन ने 119 टेस्ट मैच बाद 184 पारियां खेली थीं और स्मिथ के नाम 204 पारियां हैं. यानी सचिन ने 529 रन कम तो बनाए हैं पर साथ ही 20 पारियां भी कम खेली हैं.

सेंचुरी और हाफ सेंचुरी

सचिन ने 114 टेस्ट मैचों के बाद 33 सेंचुरी और 37 हाफ सेंचुरी लगाई थीं. लेकिन मेलबर्न टेस्ट में सेंचुरी लगाते ही सचिन को पीछे छोड़ दिया. उनके नाम अब 34 सेंचुरी हैं और साथ ही 41 हाफ सेंचुरी भी उनके बल्ले से निकली हैं. बात सर्वाधिक स्कोर की करें तो 114 टेस्ट मैच खेलने के बाद सचिन का टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर नाबाद 241 रन था जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में ही बनाया था. वहीं स्मिथ का सर्वाधिक टेस्ट स्कोर 239 रन है.

गेंदबाजी में क्या है मुकाबला

स्मिथ ने भले ही करियर का आगाज गेंदबाज के तौर पर किया हो लेकिन मुख्य रूप से बल्लेबाज ही रहे हैं. स्मिथ ने 114 टेस्ट मैचों के बाद 19 विकेट लिए हैं. वहीं सचिन ने 114 टेस्ट मैच बाद 35 विकेट लिए थे.

सचिन का करियर

सचिन ने अपने करियर में 200 टेस्ट मैच खेले. इन मैचों में उन्होंने 15921 रन बनाए. सचिन ने टेस्ट करियर में 51 सेंचुरियां लगाईं. उनका बल्लेबाजी औसत 53.78 का रहा.