किसने कहा गौतम गंभीर को 'पाखंडी', BGT में हार के बाद पूर्व साथी ने साधा निशाना

पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर पर तीखा हमला किया. तिवारी ने उन्हें ‘पाखंडी’ तक कहा. इसके साथ ही उन्होंने अभिषेक नायर, और मोर्नी मोर्केल की भूमिका पर सवाल उठाए. जानें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज हार और भारतीय टीम के हालिया प्रदर्शन पर तिवारी के बयान.’

By Bharat Malhotra Updated: Jan 09, 2025, 1:09 PM IST

Manoj Tiwary Says Gautam Gambhir is Hypocrite: पूर्व बल्लेबाज मनोज तिवारी से भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर पर निशाना साधा है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 1-3 की हार के बाद से गंभीर आलोचकों के निशाने पर हैं. और इस लिस्ट में अब मनोज तिवारी का नाम भी जुड़ गया है. हालांकि तिवारी एक कदम और आगे निकल गए हैं और उन्होंने गंभीर को पाखंडी तक कहा है. तिवारी ने सिडनी टेस्ट में रोहित शर्मा के न खेलने के बाद के घटनाक्रम के बाद हुए विवाद पर अपनी राय रखी है. भारत को सिडनी टेस्ट में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था.

क्रिकेटर से कॉमेंटेटर बने तिवारी ने इसके साथ ही गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्केल की भूमिका पर भी सवाल किए. उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह के अलावा कोई दूसरा गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया. इतना ही नहीं उन्होंने बल्लेबाजी के असफल रहने पर अभिषेक नायर पर भी सवाल खड़े किए.

Powered By 

यहां यह बात ध्यान देने वाली है कि नायर और मोर्केल ने गंभीर के साथ आईपीएल में पहले लखनऊ सुपर जायंट्स और फिर कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए काम किया था.

न्यूज 18 बांग्ला के साथ बात करते हुए तिवारी ने कहा, 'गौतम गंभीर एक पाखंडी आदमी हैं. जो वह कहते हैं उसे नहीं करते. कप्तान मुंबई से हैं, अभिषेक नायर मुंबई से हैं. सभी समस्याओं का सामना करने के लिए उन्होंने रोहित को आगे कर दिया.'

उन्होंने आगे कहा, 'गेंदबाजी कोच का क्या काम है? जो भी कोच कहते हैं वह उससे सहमत होंगे. मोर्नी मोर्केल लखनऊ सुपर जायंट्स से हैं. अभिषेक नायर कोलकाता नाइट राइडर्स में गौतम गंभीर के साथ थे. और मुख्य कोच का उनके साथ काम करने का कम्फर्ट है.'

इसके बाद तिवारी ने गंभीर और रोहित के आपसी संबंधों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने गौतम गंभीर और रोहित शर्मा के आपसी संबंधों को लेकर भी सवाल किए. उनका मानना है कि दोनों के बीच ईगो की समस्या है. इसी बातचीत में उन्होंने आगे कहा, 'वे साथ काम कैसे कर सकते हैं. रोहित एक वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हैं. वहीं गंभीर ने केकेआर को आईपीएल जितवाया है. बतौर कप्तान और मेंटॉर दोनों तरह से.'

तिवारी ने यहां तक कहा कि सिर्फ गंभीर को आईपीएल जितवाने का क्रेडिट क्यों मिलता है. उन्होंने कहा, 'गंभीर ने अकेले अपने दम पर केकेआर को खिताब नहीं जितवाया. हम सबने एक टीम के तौर पर साथ में काम किया. जैक कालिस, सुनील नारायण और मैंने, हम सबने इसके लिए मेहनत की. लेकिन क्रेडिट किसे मिला?'

गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है. टीम ने वनडे और टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है. भारत को श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में हार मिली. इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में टीम 0-3 से हारी. इसके साथ ही भारत ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीतने से महरूम रहा. और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक नहीं पहुंच सका.

गौतम गंभीर की कोचिंग में भारत का अगला टूर्नमेंट अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप होगा. जिसकी शुरुआत 19 फरवरी से होगी.