IND vs SL: कप्तान रोहित ने माना, केएल और पंत में से एक को चुनना काफी मुश्किल

2023 वनडे वर्ल्ड कप में राहुल ने 2 अर्धशतक और 1 शतक की बदौलत 452 रन जड़े. साथ ही विकेट के पीछे कमाल का प्रदर्शन करते हुए 16 कैच भी लपके. साल 2023 के आखिरी विदेशी दौरे के दौरान केएल राहुल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तानी की और टीम को जीत दिलाई.

By Vanson Soral Updated: Aug 01, 2024, 9:08 PM IST

श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज से पहले कप्तान रोहित शर्मा ने माना कि केएल राहुल और ऋषभ पंत में से किसी को एक चुनना काफी कठिन फैसला होगा क्योंकि दोनों ने ही टीम को कई मैच जिताए हैं. पंत ने अमेरिका में T20 वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय टीम में वापसी की जबकि राहुल शुक्रवार को यहां श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में इस साल जनवरी के बाद पहला वनडे मैच खेलने पर नजर लगाये होंगे.

केएल बनाम पंत

रोहित ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रैंस में कहा, "केएल राहुल और ऋषभ पंत में से एक चुनना बहुत मुश्किल काम है. दोनों ही मैच विनर हैं. लेकिन ये अच्छी बात हैं. इस तरह की मुश्किलों की सामना करना मुझे अच्छा लगता है."

Powered By 

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि अब T20 वर्ल्ड कप जीत की खुशी से आगे बढ़ने का समय आ गया है और अब वह नये मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में चुनौतियों भरी सीरीज में सफलता जारी रखने की उम्मीद लगाए हैं. रोहित की टीम ने श्रीलंका के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज में गंभीर के मार्गदर्शन में इस सत्र में नयी यात्रा शुरू की है जिसमें कुछ शीर्ष स्तर के टूर्नामेंट खेले जाने हैं और इसमें अगले साल के शुरू होने वाली चैम्पियंस ट्राफी भी शामिल है.

गंभीर की कोचिंग का तरीका अलग

भारतीय कप्तान ने माना कि गंभीर का कोचिंग का तरीका उनसे पहले के कोचों से अलग होगा. उन्होंने कहा, ‘‘गौतम गंभीर ने बहुत क्रिकेट खेला है और वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट से जुड़े रहे हैं. निश्चित रूप से पिछले सहयोगी स्टाफ से यह अलग होगा. राहुल द्रविड़ के कोच बनने से पहले रवि शास्त्री थे. हर व्यक्ति अलग तरह से काम करता है. ’’

रोहित ने कहा, ‘‘मैं गंभीर को बहुत लंबे समय से जानता हूं और हमने साथ में थोड़ा बहुत क्रिकेट खेला है. वह बहुत स्पष्ट है और वह जानते हैं कि वह टीम से क्या चाहते हैं. हमने टीम की कमियों के बारे में, अच्छी चीजों के बारे में और टीम को क्या जरूरत है, इस बारे में बात की है. टीम को आगे कैसे बढ़ाया जाये, इस पर चर्चा हुई है.’’