This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
अगर शमी फिट नहीं तो मयंक यादव को ऑस्ट्रेलिया में.... ब्रेट ली की टीम इंडिया को सलाह
ब्रेट ली ने कहा, बल्लेबाजों को 135-140 किमी प्रति घंटा की रफ्तार की गेंदों का सामना करने में कोई परेशानी नहीं है लेकिन जब आप 150 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं तो कोई इसका सामना नहीं करना चाहता
Written by Akhilesh Tripathi
Published: Oct 23, 2024, 09:04 PM (IST)
Edited: Oct 24, 2024, 07:21 AM (IST)

सिडनी. ऑस्ट्रेलिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक रहे ब्रेट ली ने कहा है कि अगर मोहम्मद शमी चयन के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो मयंक यादव को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना चाहिए. ब्रेट ली को ऑस्ट्रेलिया की उछाल भरी पिचों पर इस भारतीय तेज गेंदबाज से काफी उम्मीदें हैं.
भारत की नजरें लगातार तीसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने पर टिकी हैं और टीम पांच टेस्ट मैच की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अपने खिताब की रक्षा के लिए अगले महीने ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी, इस बीच अनुभवी तेज गेंदबाज शमी की फिटनेस को लेकर संशय बना हुआ है.
‘अगर शमी फिट नहीं होते तो मयंक को मिले मौका’
ली ने ‘फॉक्स क्रिकेट’ से कहा, मैं आपको बता सकता हूं कि बल्लेबाजों को 135-140 किमी प्रति घंटा की रफ्तार की गेंदों का सामना करने में कोई परेशानी नहीं है लेकिन जब आप 150 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं तो कोई इसका सामना नहीं करना चाहता. उन्होंने कहा, वह एक पूर्ण पैकेज की तरह नजर आता है, अगर मोहम्मद शमी फिट नहीं होते तो उसे कम से कम टीम में जगह तो मिलनी ही चाहिए, मुझे लगता है कि वह ऑस्ट्रेलिया के विकेटों पर काफी अच्छा प्रदर्शन करेगा.
शमी ने पिछले साल नवंबर में विश्व कप के फाइनल के बाद से कोई मैच नहीं खेला है और भले ही उन्होंने हाल ही में नेट पर पूरी ताकत से गेंदबाजी की हो लेकिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस तेज गेंदबाज को पूरी तैयारी और फिटनेस के बना ऑस्ट्रेलिया ले जाने के खिलाफ हैं. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ली को तूफानी गेंदबाजों का सामना करते हुए बल्लेबाजों की असहजता के बारे में कुछ बातें पता हैं.
ली ने कहा, मेरे लिए सबसे अच्छी बात यह है कि मुझे आईपीएल में काम करने और कई अच्छे युवा भारतीय क्रिकेटरों को देखने का मौका मिला, हाल ही में अपना पहला आईपीएल मैच खेलते हुए मयंक यादव ने 157 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की. उन्होंने कहा, दुर्भाग्य से उनकी फ्रेंचाइजी ने उन्हें वापसी कराने में जल्दबाजी की और उसे फिर चोट लग गई.
‘भारत के पास विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण’
ली ने स्वीकार किया कि भारत के पास विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण है जो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को उनके घरे में परेशान कर सकता है. इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, ‘‘अश्विन 600 विकेट लेने के करीब हैं, वह शानदार स्पिन गेंदबाजी करते हैं, वह नई गेंद से भी गेंदबाजी कर सकते हैं लेकिन मुझे लगता है कि अगर भारत को वहां जीतना है तो शमी (बशर्ते वह फिट हों) निश्चित रूप से अहम भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने कहा, हम सभी जानते हैं कि जसप्रीत बुमराह कितने अच्छे हैं, वह गेंद को दोनों ओर मूव करा सकते हैं, वह शानदार रिवर्स स्विंग भी करते हैं, मोहम्मद सिराज जानते हैं कि नई गेंद का इस्तेमाल कैसे करना है.
ली ने कहा, पर्थ, एडिलेड जैसे विकेटों पर, मेरे लिए यह संयोजन है, इन तीन तेज गेंदबाजों के साथ स्पिनर के रूप में अश्विन, फिर उनके पास काम चलाऊ स्पिनरों के रूप में विकल्प हैं, लेकिन अगर भारत जीतना चाहता है तो आपको उन तीन तेज गेंदबाजों की जरूरत है.
TRENDING NOW
इनपुट- भाषा
