×

10 में से 9 बार फेल होता है... कृषमनचारी श्रीकांत ने किसे कहा सबसे बड़ा ओवररेटेड क्रिकेटर

पूर्व मुख्य सिलेक्टर के. श्रीकांत ने शुभमन गिल को ओवररेटेड प्लेयर बताया है. उन्होंने कहा कि गिल की जगह ऐसे खिलाड़ियों को मौका मिलना चाहिए जो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Published: Jan 07, 2025, 10:19 AM (IST)
Edited: Jan 07, 2025, 10:19 AM (IST)

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान कृषमनचारी श्रीकांत (Krishnamachari Srikkanth) ने शुभमन गिल (Shubman Gill) पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने गिल को एक ओवररेटेड क्रिकेटर बताया है. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border-Gavaskar Trophy) में भारत की 1-3 की हार के बाद श्रीकांत ने यह टिप्पणी की. गिल ने पांच में से सिर्फ तीन टेस्ट मैच खेले. उन्होंने इन तीन मैचों में सिर्फ 93 रन बनाए. उनका बल्लेबाजी औसत 18.60 का रहा. इन तीन मैचों में वह एक भी हाफ सेंचुरी नहीं लगा पाए.

गिल को भारतीय क्रिकेट का प्रिंस कहा जाता रहा है. लेकिन टेस्ट क्रिकेट में वह बहुत ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं. उन्होंने 32 टेस्ट की 59 पारियों में 35.06 के औसत से 1893 रन ही बनाए हैं.

अपने यूट्यूब चैनल पर श्रीकांत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का रिव्यू किया. इसमें उन्होंने गिल के प्रदर्शन की भी आलोचना की.

श्रीकांत ने कहा, ‘मैंने हमेशा से यह कहा है कि शुभमन गिल एक ओवररेटेड क्रिकेटर है लेकिन कोई मेरी बात नहीं सुनता. वह बहुत ज्यादा ओवररेटेड क्रिकेटर हैं. जब गिल को इतने ज्यादा मौके मिल रहे हैं तो किसी को यह हैरानी हो सकती है कि क्या सूर्यकुमार यादव को भी टेस्ट में इतने अवसर मिल सकते थे.’

उन्होंने आगे कहा, ‘उदाहरण के लिए रुतुराज गायकवाड़ फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में कमाल का खेल दिखा रहे हैं. लेकिन उसे चुनने की फिक्र किसी को नहीं है. इसी बीच साई सुदर्शन इंडिया एक दौरों पर कमाल का खेल दिखा रहे हैं. आपको इस तरह की प्रतिभा को आगे बढ़ाना चाहिए. लेकिन वे घूम-फिरकर गिल को ही चुन रहे हैं.’

गिल का कुल मिलाकर प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है लेकिन बीते 12 टेस्ट मैचों में उन्होंने 43.30 के औसत से रन बनाए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालांकि उन्हें नंबर तीन पर अहम भूमिका दी गई जिसे वह भुना नहीं पाए.

श्रीकांत ने यह भी कहा कि भारतीय पिचों पर तो गिल रन बना सकते हैं. उन्होंने गिल को सपाट पिचों का खिलाड़ी बताया. उनका कहना था कि SENA देशों की मुश्किल परिस्थितियों में गिल संघर्ष करते हैं.

गिल ने साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में कुल मिलाकर 11 टेस्ट मैच खेले हैं और उनका औसत 26 से कम है. वहीं घरेलू धरती पर 17 मैचों में उन्होंने 42.03 के औसत से रन बनाए हैं.

श्रीकांत ने कहा, ‘गिल इस समय इसलिए बच रहे हैं क्योंकि उन्हें 10 मौके मिलते हैं और वह नौ बार फेल होने के बाद 10वें मौके पर रन बना देते हैं. और इस वजह से उन्हें रन बनाने के 10 और मौके मिल जाते हैं. कोई भी और हर कोई भारतीय पिचों पर रन बना सकता है. असली चुनौती भारत से बाहर SENA देशों में रन बनाने की है. और जहां केएल राहुल जैसे खिलाड़ी परीक्षा पास करते हैं.’

TRENDING NOW

गिल ने 2020/21 को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर दो हाफ सेंचुरी लगाई थीं. गाबा में उनकी 90 रन की पारी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. उनका बल्लेबाजी औसत 52 का रहा था.