This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
हाइब्रिड मॉडल पर खेले जाएंगे 2027 तक ICC के सभी टूर्नामेंट! पाकिस्तान को लगा बड़ा झटका
चैंपियंस ट्रॉफी का हाइब्रिड मॉडल पर खेला जाना तय हो गया है. चैंपियंस ट्रॉफी के अलावा 2027 तक सभी आईसीसी टूर्नामेंट भी हाइब्रिड मॉडल पर खेले जाएंगे.
Written by Saurav Kumar
Published: Dec 05, 2024, 10:58 PM (IST)
Edited: Dec 05, 2024, 10:58 PM (IST)

ICC Tournaments on Hybrid Model: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी को हाइब्रिड मॉडल में आयोजित करने को लेकर आम सहमति बन गई है जिससे भारत को अपने मैच दुबई में खेलने की अनुमति मिल जाएगी जबकि 2027 तक कई टीम वाली प्रतियोगिताओं में इसी तरह की व्यवस्था के लिए ‘सैद्धांतिक रूप से’ सहमति बन गई.
आईसीसी के एक शीर्ष सूत्र के अनुसार बृहस्पतिवार को दुबई में अपने मुख्यालय में वैश्विक संचालन संस्था के नए चेयरमैन जय शाह और पाकिस्तान सहित निदेशक मंडल के बीच एक अनौपचारिक बैठक के दौरान निर्णय को कमोबेश अंतिम रूप दिया गया.
हाइब्रिड मॉडल पर चैंपियंस ट्रॉफी होना तय
आईसीसी सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘सभी पक्षों ने सैद्धांतिक रूप से सहमति व्यक्त की है कि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी यूएई और पाकिस्तान में आयोजित की जाएगी जबकि भारत अपने मैच दुबई में खेलेगा. यह सभी हितधारकों के लिए जीत की स्थिति है.’’ चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल फरवरी-मार्च में आयोजित की जाएगी.
पाकिस्तान ने पिछले सप्ताह आईसीसी की पिछली बैठक में बहिष्कार की धमकी वापस लेते हुए हाइब्रिड मॉडल पर सहमति जताई थी और 2031 तक अपने लिए भी इसी तरह की व्यवस्था की मांग की थी. हालांकि आईसीसी ने 2027 तक अपनी सभी प्रतियोगिताओं के लिए हाइब्रिड मॉडल पर सहमति जताई है.
इस अवधि के दौरान भारत अगले वर्ष अक्टूबर में महिला एकदिवसीय विश्व कप तथा श्रीलंका के साथ संयुक्त रूप से 2026 पुरुष टी20 विश्व कप की मेजबानी करेगा. अगर हाइब्रिड मॉडल लागू नहीं होता तब भी पाकिस्तान को 2026 में भारत की यात्रा करने के लिए बाध्य नहीं होना पड़ता.
2026 टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान श्रीलंका में खेलेगा अपने मैच
सूत्र ने कहा, ‘‘2026 पुरुष टी20 विश्व कप के दौरान पाकिस्तान अपने मैच श्रीलंका में खेलेगा. चैंपियंस ट्रॉफी के हाइब्रिड मॉडल में आयोजन के कारण पीसीबी द्वारा मांगे गए मुआवजे पर अब भी विचार किया जा रहा है.’’ इस व्यवस्था पर सहमति जताने का मतलब है कि भारतीय महिला टीम को पाकिस्तान के खिलाफ अपना लीग मैच खेलने के लिए तटस्थ स्थल की यात्रा करनी होगी यदि ऐसा कार्यक्रम के कारण आवश्यक हुआ तो.
TRENDING NOW
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ने पिछली आईसीसी बैठक के बाद कहा था, ‘‘क्रिकेट को जीतना चाहिए, यह सबसे महत्वपूर्ण है, लेकिन सभी के सम्मान के साथ. हम वही करेंगे जो क्रिकेट के लिए सबसे अच्छा होगा. हम जो भी फॉर्मूला अपनाएंगे, वह समान शर्तों पर होगा.’’ नवीनतम घटनाक्रम चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम को जारी करने का रास्ता साफ कर देगा जिसका प्रशंसकों और प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्ट्स को लंबे समय से इंतजार है. आईसीसी और प्रसारणकर्ता के बीच अनुबंध के अनुसार टूर्नामेंट की शुरुआत से कम से कम 90 दिन पहले कार्यक्रम घोषित होने की उम्मीद थी.
