AUS vs IND: ऑस्ट्रेलियाई खेमे में बुमराह का खौफ, ऑलराउंडर ने कहा- बड़ी मुश्किल होगी
India vs Australia, Sydney Test Day 1: जसप्रीत बुमराह से निपटना ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी. यह बात कंगारू टीम को अच्छी तरह पता है. तभी तो अपना पहला मैच खेल रहे ब्यू वेबस्टर ने भी माना कि इस स्टार पेसर का सामना करना आसान नहीं है.
सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के डेब्यू कर रहे ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर को अभी से जसप्रीत बुमराह का खौफ सताने लगा है. 31 वर्षीय इस खिलाड़ी का मानना है कि तेज गेंदबाजों की मददगार एससीजी (सिडनी क्रिकेट मैदान) पिच पर भारत के इस स्टार पेसर का सामना करना बड़ी चुनौती होगी. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी के लिए कोई आदर्श स्कोर नहीं तय किया है.
सिडनी में भारतीय बल्लेबाजी फिर नाकाम रही. पूरी टीम सिर्फ 185 रन पर सिमट गई. लेकिन दिन की आखिरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने ओपनर उस्मान ख्वाजा को आउट कर भारत को कामयाबी दिला दी.
वेबस्टर ने दिन के खेल के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘इस विकेट पर बल्लेबाजी करने का एक तरीका है. उनकी टीम में जसप्रीत बुमराह के जैसा एक वर्ल्ड क्लास गेंदबाज है. और इस बात में कोई शक नही कि वह हमारी पूरी बैटिंग यूनिट के लिए चुनौतियां पेश करेंगे.' बुमराह की तारीफ में उन्होंने आगे कहा, 'वह अपनी लेंथ और लाइन के मामले में कमाल के हैं. जब पिच से थोड़ी मदद मिले तो उनका सामना करना काफी चुनौतीपूर्ण होता है.’
उन्होंने कहा कि तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर भारत को 200 से कम के स्कोर पर आउट करना अच्छा प्रयास रहा.
वेबस्टर ने कहा, ‘यह तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिच थी और पिच पर घास की मौजूदगी के कारण गेंद काफी समय तक नयी जैसी रही. ऐसा भी नहीं है कि यह पूरी तरह से घसियाली पिच है. हमारी योजना उस तरह की गेंदबाजी करने की थी जिससे बल्लेबाज कदमों का इस्तेमाल कर शॉट खेलने की कोशिश करें.’
उन्होंने कहा, ‘स्कॉटी (बोलैंड) ने शानदार गेंदबाजी की. जब से वह टीम में वापस आया है उसने दिखाया है कि वह एक क्यों एक विश्व स्तरीय गेंदबाज है. मुझे लगा कि आज सभी गेंदबाज वास्तव में अच्छे थे और उन्हें 200 के स्कोर के अंदर आउट करना शानदार रहा.’
वेबस्टर ने कहा कि गेंद कुछ अधिक स्विंग कर रही थी इसलिए यह नियमित रूप से बल्लेबाजों के बल्ले से किनारे से निकल रही थी.
उन्होंने कहा, ‘कुछ ऐसी गेंदे भी थी जिसे खेलना काफी मुश्किल था. इसके बाद भी कई बार विकेट निकालना मुश्किल हो रहा था. हमने एक अच्छी साझेदारी (रविंद्र जडेजा-ऋषभ पंत) देखी. इस साझेदारी के दौरान गेंद अच्छे से स्विंग होने के बावजूद हम विकेट नहीं निकाल पा रहे थे. गेंद कई बार बल्ले के किनारे से निकली लेकिन उससे टकराई नहीं.’
वेबस्टर ने अपने डेब्यू मैच को विराट कोहली का कैच लपककर यादगार बनाया. उन्होंने बोलैंड की गेंद पर तीसरी स्लिप में भारतीय दिग्गज का कैच लपका. इससे पहले उन्होंने इसी गेंदबाज की गेंद पर सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का भी कैच पकड़ा था.
उन्होंने कहा, ‘तीसरी स्लिप से बोलैंड की गेंदबाजी देखना शानदार रहा. वह गेंद को काफी स्विंग करा रहे थे और दायें तथा बायें दोनों बल्लेबाजों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण गेंदबाजी कर रहे थे. वह लंबे स्पैल डालने के बाद अगले दिन फिर से तरोताजा होकर उसी दमखम से गेंदबाजी कर सकते हैं.’
वेबस्टर ने कहा कि वह तस्मानिया में अपने छोटे से गांव स्नग को क्रिकेट मानचित्र का हिस्सा बनाकर खुश हैं.
उन्होंने कहा, ‘मेरे फोन में लगातार संदेश और कॉल आ रहे हैं. यह एक गर्व का क्षण है, खासकर इसलिये क्योंकि मैं एक छोटी सी जगह से आता हूं . उस जगह को पहचान दिला कर अच्छा लग रहा है.’