×

AUS vs IND: दो सीनियर और एक जूनियर खिलाड़ी... मेलबर्न टेस्ट की हार के बाद शास्त्री का बड़ा बयान

विराट कोहली, ऋषभ पंत और कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच में अपने शॉट सिलेक्शन को लेकर चर्चा में

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Published: Jan 01, 2025, 02:42 PM (IST)
Edited: Jan 01, 2025, 02:42 PM (IST)

मेलबर्न टेस्ट में भारत की करारी हार पर टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने बेबाक टिप्पणी की है. शास्त्री ने कहा कि पांचवें दिन भारतीय बल्लेबाजों के खराब शॉट सिलेक्शन की वजह से भारतीय टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हार सकती है.

शास्त्री ने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन उन्होंने कहा कि दो सीनियर खिलाड़ियों और एक युवा खिलाड़ी के खेल पर बात जरूर होगी. उन्होंने यह भी कहा कि अगर आपका कप्तान भी संघर्ष कर रहा हो तो इससे टीम के प्रदर्शन पर असर पड़ता है.

खराब शॉट सिलेक्शन पर उठे सवाल

चौथे टेस्ट में रोहित शर्मा, विराट कोहली और ऋषभ पंत के प्रदर्शन की आलोचना हो रही है. भारत को इस मैच में 184 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है. और अब सिडनी में खेले जाने वाला सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच जीतना भारत के लिए बहुत जरूरी है.

अंग्रेजी अखबार द डेली टेलिग्राफ, सिडनी के अपने कॉलम में शास्त्री ने लिखा, ‘यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि भारतीय फैंस पूरी दुनिया से मेलबर्न के मैदान पर टेस्ट क्रिकेट का अनुभव लेने पहुंचे थे. फैंस के लिए यह बुरी बात थी कि दूसरे सेशन में और बाद में कुछ खराब शॉट सिलेक्शन की वजह से भारत को टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा. और शायद इसका असर यह हुआ है कि एक टेस्ट बाकी रहते हुए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर भारत की पकड़ ढीली हो गई है.’

पैट कमिंस की तारीफ

शास्त्री ने आगे कहा कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे वहीं उनके समकक्ष पैट कमिंस ने नंबर 8 या 9 पर बैटिंग करते हुए अपने खेल के स्तर को ऊंचा किया.

TRENDING NOW

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने कहा, ‘दूसरी पारी में कुछ ऐसे भी विकेट थे जिन पर चर्चा होगी. इसमें दो सीनियर और एक युवा खिलाड़ी शामिल है. तीन बहुत ही खराब शॉट. अगर इनमें से एक कप्तान हो जो पहले से संघर्ष कर रहा हो, तो आपके लक्ष्य को कोई मदद नहीं मिलती. और तब भी जब कमिंस नंबर 8 या 9 पर खेलते हुए अपने समकक्ष के खिलाफ अपने खेल के स्तर को उठाए.’