×

सिडनी टेस्ट में क्या खेलेंगे चोटिल मिचेल स्टॉर्क, एलेक्स कैरी ने दिया बड़ा अपडेट

तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क बॉक्सिंग डे टेस्ट के तीसरे दिन से ही पसलियों में दर्द से जूझ रहे थे, लेकिन फिर भी टीम के फिजियो की मदद से गेंदबाजी करने में सफल रहे.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Published: Jan 01, 2025, 02:54 PM (IST)
Edited: Jan 01, 2025, 02:54 PM (IST)

Alex Carey on Mitchell Starc fitness: ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क की फिटनेस ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. वह बॉक्सिंग डे टेस्ट के तीसरे दिन से ही पसलियों में दर्द से जूझ रहे थे, लेकिन फिर भी टीम के फिजियो की मदद से गेंदबाजी करने में सफल रहे. सिडनी में उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है. इस बीच ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने उनकी चोट पर बड़ा अपडेट दिया है. एलेक्स कैरी को उम्मीद ​​है कि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क पसली में दर्द के बावजूद भारत के खिलाफ शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले बॉर्डर गावस्कर सीरीज का पांचवां और अंतिम टेस्ट खेलेंगे.

कैरी ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा, वह ठीक हो जाएगा, उम्मीद है कि वह पांचवा टेस्ट मैच खेलेगा. ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता संभवत: टेस्ट मैच के करीब स्टार्क की फिटनेस पर फैसला लेंगे, लेकिन कैरी ने कहा कि उन्हें अपने साथी खिलाड़ी की फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है.

वह दमदार खिलाड़ी है, अगले मैच तक वह तैयार होगा: कैरी

उन्होंने कहा, मैं लंबे समय से उसके (स्टार्क) साथ खेल रहा हूं, वह दमदार खिलाड़ी है, निश्चित तौर पर उसकी पसली में दर्द है और इससे वह कई बार परेशान हो जाता है लेकिन मुझे विश्वास है कि वह अगले मैच तक खेलने के लिए तैयार हो जाएगा.

TRENDING NOW

फिट नहीं हुए स्टॉर्क फिर झाय रिचर्डसन को मिल सकता है मौका

ऑस्ट्रेलिया को 2014-15 के बाद बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी हासिल करने के लिए पांचवा टेस्ट मैच जीतना होगा या फिर उसे ड्रॉ करना होगा, भारत अगर यह मैच जीतने में सफल रहता है तो वह लगातार पांचवीं बार यह ट्रॉफी अपने नाम करेगा. यदि स्टार्क को आराम दिया जाता है तो तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन को टीम में लिया जा सकता है जिन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच दिसंबर 2021 में खेला था. रिचर्डसन ने टीम में चुने जाने की संभावना के बारे में कहा, मैं इसके बारे में नहीं सोच रहा हूं लेकिन अगर मुझे मौका मिलता है तो मैं उसका फायदा उठाने की पूरी कोशिश करूंगा.