महीश थीक्षणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी, ऐसा करने वाले सातवें श्रीलंकाई गेंदबाज बने

महीश थीक्षणा ने न्यूजीलैंड की पारी के 35वें ओवर की पांचवी और छठी बॉल पर मिशेल सेंटनर और नाथन स्मिथ को आउट किया और फिर इसके बाद 37वें ओवर की पहली गेंद पर मैट हेनरी को पवेलियन भेजकर हैट्रिक पूरी की.

By Akhilesh Tripathi Updated: Jan 08, 2025, 4:29 PM IST

Maheesh Theekshana Hat-Trick: श्रीलंका के ऑफ स्पिनर महीश थीक्षणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में हैट्रिक लेकर सनसनी मचा दी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में उन्होंने यह कारनामा किया. उन्होंने मिचेल सेंटनर, नाथन स्मिथ और मैट हेनरी को आउट कर हैट्रिक पूरी की. वनडे में हैट्रिक लेने वाले वह श्रीलंका के सातवें खिलाड़ी भी बने हैं.

बुधवार को हैमिल्टन के सेडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में उन्होंने यह कारनामा किया. उन्होंने न्यूजीलैंड की पारी के 35वें ओवर की पांचवी और छठी बॉल पर मिशेल सेंटनर और नाथन स्मिथ को आउट किया और फिर इसके बाद 37वें ओवर की पहली गेंद पर मैट हेनरी को आउट करके हैट्रिक पूरी की. वनडे करियर में थीक्षणा की यह पहली हैट्रिक है. थीक्षणा ने आठ ओवर के स्पेल में 44 रन देकर चार विकेट हासिल किए.

Powered By 

https://twitter.com/FanCode/status/1876900493558976591

महीश थीक्षणा वनडे हैट्रिक लेने वाले सातवें श्रीलंकाई गेंदबाज

महीश थीक्षणा वनडे हैट्रिक लेने वाले सातवें श्रीलंकाई गेंदबाज है, थीक्षणा के अलावा चामिंडा वास, लसिथ मलिंगा, फरवीज़ महारूफ, थिसारा परेरा, वानिंदु हसरंगा और शेहान मधुशंका वनडे हैट्रिक लेने वाले का कारनामा कर चुके हैं.

श्रीलंका को मिली हार

हालांकि महीश थीक्षणा की इस हैट्रिक के बावजूद श्रीलंका को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा. दूसरे वनडे मैच में श्रीलंका की टीम को न्यूजीलैंड ने 113 रन से हरा दिया. 37 ओवर के इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 255 रन बनाए थे, श्रीलंका की टीम 142 रन पर ढेर हो गई. इस हार के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज भी गंवा दी है. पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को नौ विकेट से हराया था.