Champions Trophy 2025: भारतीय टीम को तलाशने होंगे 4 सवालों के जवाब, तभी मिलेगा खिताब!

Champions Trophy 2025 LIVE Updates: चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है. और इसके लिए टीम इंडिया के सिलेक्टर्स को कई सवालों के जवाबप तलाशने होंगे.

By Bharat Malhotra Updated: Jan 08, 2025, 2:36 PM IST

सिडनी: रोहित शर्मा और विराट कोहली फिलहाल अच्छे फॉर्म में नहीं हैं. लेकिन 19 फरवरी से शुरू हो रही चैंपियंस ट्रॉफी के लिए इन दोनों को जगह मिलना तय है. और ये दोनों भारतीय बैटिंग की धुरी होंगे. लेकिन इसके बाद भी कम-से-कम तीन खिलाड़ी ऐसे हैं जिनके नाम पर सिलेक्टर्स को काफी माथापच्ची करनी पड़ सकती है. चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पहली टीम घोषित करने की आखिरी तारीख 12 जनवरी है. और सिलेक्टर्स जल्द ही इसके लिए बैठक कर सकते हैं.

किसकी जगह पक्की नहीं

केएल राहुल ने ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में बल्ले से अच्छी पारियां खेलीं. लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी में उनकी जगह पक्की नहीं है. इसके साथ ही मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा भी शायद 15 सदस्यीय टीम में जगह न बना पाएं. हालांकि ये तीनों 2023 में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे.

Powered By 

भारत ने खेले हैं सिर्फ छह वनडे

भारत ने 19 नवंबर 2023 में खेले गए फाइनल के बाद से भारत ने छह वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं. इसमें शमी और जडेजा नहीं खेले थे. लेकिन राहुल को साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की टीम में जगह मिली थी. हालांकि श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के बीच से ही राहुल को बाहर कर दिया गया था. राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल में हाफ सेंचुरी लगाई थी लेकिन उसके लिए उन्होंने काफी गेंदों का सामना किया था. उन्होंने 107 गेंद पर 66 रन बनाए थे.

जायसवाल को मिलेगी क्या?

ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट टीम में कमाल का खेल दिखाने वाले बाएं हाथ के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह मिल सकती है. इससे भारतीय बैटिंग ऑर्डर को विविधता भी मिलेगी.

पंत करेंगे कीपिंग, तो राहुल की जगह नहीं?

अगर ऋषभ पंत विकेटकीपिंग करते हैं तो यह भी राहुल की जगह मुश्किल बनाता है. राहुल अगर विकेटकीपिंग नहीं करते हैं तो सिर्फ बतौर बल्लेबाज उनकी जगह पक्का नजर नहीं आती. उनके करीबी प्रतिद्वंद्वियों में ईशान किशन ने विजय हजारे ट्रॉफी में रन नहीं बनाए जबकि संजू सैमसन को शुरूआती मैचों से बाहर रहने के बाद केरल टीम में चुना नहीं गया. कोच गौतम गंभीर की अगर चयन मामलों में अभी भी चलती है तो सैमसन उनके पसंदीदा होने के कारण टीम में आ सकते हैं.

भारत को चैम्पियंस ट्रॉफी में अपने मैच दुबई में खेलने हैं और बांग्लादेश के खिलाफ पहला मैच 20 फरवरी को खेला जाएगा. भारत ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में खेलने से इनकार किया है.

रविंद्र जडेजा की जगह पक्की नहीं?

सफेद गेंद के प्रारूप में जडेजा का फॉर्म उतना अच्छा नहीं रहा है और सूत्रों का मानना है कि चयन समिति को वनडे में अक्षर पटेल बेहतर विकल्प लगते हैं. वॉशिंगटन सुंदर का चयन तय लग रहा है लेकिन कुलदीप यादव की फिटनेस पर चयनकर्ता नजर रखे हुए हैं. वह पूरी तरह फिट लग रहे हैं लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में एक भी मैच नहीं खेला. उनके नहीं खेलने पर रवि बिश्नोई या वरुण चक्रवर्ती को मौका मिल सकता है.

शमी को लेकर तस्वीर साफ नहीं

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की फिटनेस को लेकर चयन समिति के सामने तस्वीर स्पष्ट नहीं है. उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में पिछले दो मैचों में आठ आठ ओवर फेंके. अगर जसप्रीत बुमराह कमर की तकलीफ के कारण नहीं खेल पाते हैं तो शमी का अनुभव काफी उपयोगी साबित हो सकता है. रिजर्व बल्लेबाजों में रिंकू सिंह और तिलक वर्मा में से एक विकल्प हो सकता है.

बुमराह की चोट भी है परेशानी

स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह की चोट भी टीम इंडिया के लिए परेशानी की बात है. बुमराह ने सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच की दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं की थी. उनकी पीठ में ऐंठन आ गई थी. हालांकि इस बीच यह भी खबर है कि बुमराह की चोट गहरी हो सकती है. और इसके बाद यह तय नहीं है कि टीम इंडिया के यह दिग्गज पेसर कब तक पूरी तरह ठीक हो पाएगा. अगर बुमराह खेलने के लिए पूरी तरह फिट होते हैं तो वह बिना शक टीम इंडिया का हिस्सा होंगे. लेकिन चोट अगर गहरी है तो बड़ा सवालिया निशान है.

चैम्पियंस ट्रॉफी टीम में चयन के दावेदार

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वरूण चक्रवर्ती या रवि बिश्नोई, वॉशिंगटन सुंदर, जस्प्रीत बुमराह मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, आवेश खान या मोहम्मद शमी, रिंकू सिंह या तिलक वर्मा.

इनपुट- भाषा