Champions Trophy 2025: अफगानिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए यूनिस खान को बनाया टीम का मेंटर
अफगानिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में ग्रुप-बी में रखा गया है. इस ग्रुप में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें शामिल है.
Younis Khan to mentor Afghanistan at Champions Trophy: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान यूनिस खान आगामी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अफगानिस्तान के मेंटर होंगे. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है. यूनिस इससे पहले 2022 में अफगानिस्तान के बैटिंग कोच रह चुके हैं.
ACB के प्रवक्ता सईद नसीम सादात ने बुधवार को क्रिकबज से बातचीत में कहा, ACB ने पूर्व अनुभवी शीर्ष क्रम के पाकिस्तानी खिलाड़ी यूनिस खान को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए मेंटर नियुक्त किया है, वह टूर्नामेंट से पहले टीम से जुड़ेंगे.
यूनिस पाकिस्तान टीम के बैटिंग कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं. यूनिस ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में पेशावर जाल्मी के साथ काम किया था, जबकि हाल ही में उन्होंने अबू धाबी टी10 लीग में बांग्ला टाइगर्स के लिए मुख्य कोच के रूप में काम किया था.
शानदार रहा है यूनिस खान का करियर
अपने खेल करियर में यूनिस खान ने 118 टेस्ट मैचों में 10,099 रन (34 शतक,33 अर्धशतक) बनाए, जिसमें करियर का सर्वश्रेष्ठ 313 रन भी शामिल है. वह ICC रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज भी बने. उन्होंने 2009 में पाकिस्तान को अपना पहला T20 विश्व कप भी जिताया. 265 वनडे मैच में उनके नाम सात शतक और 48 अर्धशतक के साथ 7249 रन और 25 टी-20 मैच में उनके नाम 442 रन है.
ग्रुप-बी में है अफगानिस्तान की टीम
अफगानिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में ग्रुप-बी में रखा गया है. इस ग्रुप में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें शामिल है. अफगानिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 21 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ करेगी और इसके बाद टीम 26 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ेगी. आखिरी लीग मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम 28 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी.