×

RCB की गुजरात पर धाकड़ जीत, डुप्लेसिस ने तो गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया

बेगलुरु की टीम को इस जीत की दरकार थी. और गुजरात को हराकर उसने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. बेंगलुरु की टीम के लिए यह मैच जीतना वाकई बहुत जरूरी था.

पहले गेंदबाजों ने कमाल का खेल दिखाया और उसके बाद फाफ डु प्लेसिस (Faf Du Plessis) की धमाकेदार हाफ सेंचुरी लगाई. इसकी मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) ने गुजरात टाइटंस को चार विकेट से हरा दिया. डु प्लेसी ने 23 गेंद में दस चौकों और तीन छक्कों की मदद से 64 रन बनाए जबकि विराट कोहली ने 27 गेंद में दो चौकों और चार छक्कों के साथ 42 रन की पारी खेली. दोनों ने पहले विकेट के लिए 35 गेंद में 92 रन जोड़े. अपनी गलतियों के कारण हालांकि एक बार आरसीबी 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ा गई थी. इस जीत से RCB 11 मैचों में आठ अंक के साथ सातवें स्थान पर है और तकनीकी तौर पर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है.

सबसे बड़ी जीत

बेंगलुरु की टीम ने 38 गेंद बाकी रहते मैच जीत लिया. छह या ज्यादा विकेट खोने के बाद यह किसी भी टीम की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले यह रिकॉर्ड 34 रन था जो केकेआर के नाम था. केकेआर ने सनराइजर्स के हैदराबाद के खिलाफ 14.2 ओवर में 161 रन का लक्ष्य छह विकेट खोकर हासिल कर लिया था.

RCB की ओर से सबसे तेज हाफ सेंचुरी

फाफ डु प्लेसिस ने सिर्फ 18 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की. यह बेंगलुरु की फ्रैंचाइजी के लिए दूसरी सबसे तेज हाफ सेंचुरी है. पहले नंबर पर क्रिस गेल का रिकॉर्ड है. गेल ने साल 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 17 गेंद पर हाफ सेंचुरी बनाई थी.

TRENDING NOW

पावरप्ले का स्कोर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ पावरप्ले में एक विकेट पर 92 रन बनाए. यह आईपीएल के इतिहास में आरसीबी द्वारा बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है. इससे पहले आईपीएल में उसका सर्वश्रेष्ठ 79 रन था, जो 2011 में उसने केरला टस्कर्स के खिलाफ बनाया था. 2024 के इस सीजन में उसने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी 79 रन बनाए थे. 92 रन आईपीएल के पावरप्ले के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है.

गुजरात की हालत खराब

गुजरात टाइटंस ने पावरप्ले में 3 विकेट पर 23 रन बनाए थे. पावरप्ले में दोनों टीमों के बीच कुल अंतर 69 रन था. इससे पहले यह रिकॉर्ड 65 रन का अंतर था. 2017 में में कोलकाता नाइट राइडर्स ने बिना किसी नुकसान के 105 रन बनाए थे. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 3 विकेट पर 40 रन बनाए थे.

डु प्लेसिस की तेज हाफ सेंचुरी

डु प्लेसिस छठे ओवर में 64 रन बनाकर आउट हुए. यह बेंगलुरु के किसी बल्लेबाज द्वारा आईपीएल के पावरप्ले में बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है. इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था. गेल ने आईपीएल में तीन बार पूरे 50 रन बनाए हैं. डुप्लेसिस का बनाया यह स्कोर आईपीएल में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया छठा सबसे बड़ा स्कोर भी है.

कितना खराब रिकॉर्ड

गुजरात टाइटंस का स्कोर पावरप्ले खत्म होने के बाद 3 विकेट पर 23 रन था. यह आईपीएल में उसका सबसे कम स्कोर है. इससे पहले इसी साल के आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस की टीम 89 रन पर सिमट गई थी. उस मैच में उसने पावरप्ले में चार विकेट पर 30 रन बनाए थे. गुजरात का तीन विकेट पर 23 रन इस साल के आईपीएल में अभी तक किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे कम स्कोर है.

trending this week