×

WATCH: 2025 में क्या है टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल, किस-किसके खिलाफ खेलने हैं मुकाबले

Indian Team Full Schedule in 2025: भारतीय टीम को साल 2025 में कौन-कौन से टूर्नमेंट और मैच में भाग लेना है. देखें एक नजर.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Published: Jan 01, 2025, 08:27 AM (IST)
Edited: Jan 01, 2025, 08:28 AM (IST)

भारतीय टीम के लिए साल 2024 का अंत अच्छा नहीं रहा. टीम को मेलबर्न में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के चौथे मैच में हार का सामना करना पड़ा. हालांकि भारत के लिए यह साल मिला-जुला रहा. भारत ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता. लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में उसे 0-3 से हार का सामना करना पड़ा. इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी सीरीज में वह दो मैच हार चुकी है.

साल 2025 में भारतीय क्रिकेट कई बड़े बदलावों से गुजर सकता है. और इन बदलावों के बीच ही भारत को कई बड़े टूर्नमेंट में हिस्सा लेना है. इसमें फरवरी में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी शामिल है.

साल की शुरुआत भारत सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच से करेगा. भारत को यह मुकाबला जीतना बहुत जरूरी है ताकि ट्रॉफी उसके पास बनी रहे. उसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड की मेजबानी करेगी. इसमें पांच टी20 इंटरनेशनल और तीन वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेलेगी. इस सीरीज का आगाज 22 जनवरी से होगा. इसके बाद 19 फरवरी से चैंपियंस ट्रॉफी खेली जाएगी. यह आईसीसी ट्रॉफी पाकिस्तान की मेजबानी में होगी लेकिन भारत के मैच दुबई में खेले जाएंगे.

9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी समाप्त होगी और उसके बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 की शुरुआत हो जाएगी. मार्च की 18 तारीख से लीग के इस सीजन का आगाज हो सकता है. जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइन होना है. हालांकि भारत के उसमें पहुंचने की संभावना बहुत कम है.

भारत को जून में इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अगले चरण की शुरुआत होगी. भारतीय टीम जनवरी के बाद सीधा जून में टेस्ट मैच खेलेगी.

अगस्त में इस सीरीज के खत्म होने के बाद भारतीय टीम बांग्लादेश में सीमित ओवरों की सीरीज खेलने जाएगी. यहां उसे तीन वनडे इंटरनेशनल और तीन ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं. सितंबर 2025 में भारत एशिया कप की मेजबानी करेगा. हालांकि पाकिस्तान के मैच कहां खेले जाएंगे यह देखना दिलचस्प होगा. पाकिस्तानी टीम पहले ही निकट भविष्य में भारत आने से इनकार कर चुकी है.

अक्तूबर 2025 में वेस्टइंडीज की टीम भारत में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने आएगी. इसके बाद भारत दोबारा ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा. इस बार तीन वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे. यह सीरीज नवंबर में होगी.

साल के अंत में साउथ अफ्रीका की टीम भारत का दौरा करेगी. नवंबर दिसंबर में होने वाली इस सीरीज का पूरा शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है.

2025 सीज़न के लिए टीम इंडिया का शेड्यूल

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (ऑस्ट्रेलिया): 3-7 जनवरी, 2025 – 1 टेस्ट

इंग्लैंड का भारत दौरा: 22 जनवरी-12 फ़रवरी, 2025 – 5 T20I, 3 वनडे

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 (यूएई): 19 फ़रवरी-9 मार्च- 3 से 5 वनडे (इस बात पर निर्भर करता है कि भारत सेमीफाइनल या फाइनल में पहुंचता है…)

आईपीएल 2025: मार्च से मई 2025

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025 फ़ाइनल: लॉर्ड्स – 11-15 जून 2025 (अगर भारत क्वॉलिफ़ाइ करता है)

भारत का इंग्लैंड दौरा (पटौदी ट्रॉफी): 20 जून – 4 अगस्त 2025 – 5 टेस्ट

भारत का बांग्लादेश दौरा: अगस्त 2025 – 3 वनडे, 3 T20I

एशिया कप 2025 (भारत): सितंबर 2025 – 2 से 6 टी20 मैच (सुपर 4 और फाइनल के लिए योग्यता पर निर्भर करता है)

वेस्टइंडीज का भारत दौरा: अक्टूबर 2025 – 2 टेस्ट

भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा: अक्टूबर-नवंबर 2025 – 3 वनडे, 5 टी20 मैच

TRENDING NOW

दक्षिण अफ्रीका का भारत दौरा: नवंबर-दिसंबर 2025 (शेड्यूल की घोषणा की जाएगी)