×

मैदान पर बुरी तरह चोटिल हुआ पाकिस्तान का युवा खिलाड़ी, चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने पर सस्पेंस

साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग करते समय गेंद को रोकने के प्रयास में उनका दाहिना टखना मुड़ गया, वह टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Published: Jan 04, 2025, 05:39 AM (IST)
Edited: Jan 04, 2025, 05:39 AM (IST)

Saim Ayub Injured: पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज सैम अयूब टखने की चोट के कारण न्यूलैंड्स टेस्ट से बाहर हो गए हैं. 22 साल के सैम अयूब ने साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग करते समय अपना दाहिना टखना मोड़ लिया था. उनके चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने पर सस्पेंस है.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक विज्ञप्ति में कहा, सैम अयूब को फील्डिंग करते समय अपना दाहिना टखना मोड़ने के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे पुरुष क्रिकेट टेस्ट में आगे खेलने से बाहर कर दिया गया है. सैम का आज दोपहर एक्स-रे और एमआरआई परीक्षण किया गया और रिपोर्ट को उपचार और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहने के बारे में आगे की सलाह के लिए लंदन में विशेषज्ञों को भेज दिया गया है.

स्ट्रेचर से भेजे गए अस्पताल

साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी के दौरान सातवें ओवर के दौरान यह घटना देखने को मिला.ओवर की दूसरी गेंद पर रयान रिकेल्टन ने गली और बेकवर्ड पॉइंट की तरफ एक शॉट खेला. फील्डर आमेर जमाल ने डाइव लगाकर गेंद को बाउंड्री तक पहुंचने से रोका. इसी दौरान पीछे से सैम अयूब भी गेंद को पकड़ने के लिए अचानक से रुके, जिससे उनका टखना मुड़ गया, इसके बाद वह काफी दर्द में नजर आए. टीम के अन्य खिलाड़ी और फिजियो भागकर मैदान पर पहुंचे. सैम अयूब को पहले सहारे की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया, इसके बाद वह स्ट्रेचर के जरिए अस्पताल भेजे गए.

चैंपियंस ट्रॉफी खेलने पर सस्पेंस !

पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज सैम अयूब ने इंटरनेशनल क्रिकेट में काफी प्रभावित किया है, मगर इस चोट के बाद उनके चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने पर सस्पेंस बन गया है. चैंपिंयस ट्रॉफी पाकिस्तान की मेजबानी में 19 फरवरी से खेला जाना है.

TRENDING NOW

सैम अयूब का इंटरनेशनल करियर

सैम अयूब ने साल 2024 में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था. सात टेस्ट मैच में उनके नाम 364 रन है, वहीं वनडे के नौ मैच में उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक के साथ 63.48 की औसत से 515 रन बनाए हैं. टी-20 के 27 मैच में उनके नाम 498 रन है.