×

'मैं जानता हूं कौन भागा था', रोहित पर लगे आरोप, हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर शुरू किया नया विवाद

हरभजन सिंह ने रोहित शर्मा पर निशाना साधने वाले यूजर्स को जमकर सुनाया है. उनके ट्वीट से बड़ा विवाद शुरू हो गया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Published: Jan 05, 2025, 10:56 AM (IST)
Edited: Jan 05, 2025, 10:56 AM (IST)

भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक यूजर की क्लास लगा दी है जो रोहित शर्मा की आलोचना कर रहा था और साथ ही महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ कर रहा था. हरभजन ने इसके साथ ही उन्हें ट्रोल करने वाले कई अन्य यूजर्स की भी जमकर आलोचना की.

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में नहीं खेले. उन्होंने खुद को बाहर रखने का फैसला किया. रविवार को भारत को इस मैच में छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इसके साथ ही वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस से बाहर हो गया. ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के साथ लॉर्ड्स में होने वाले फाइनल मुकाबले के लिए जगह बनाई. लगाता दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंचा है.

शनिवार को मैच के दूसरे दिन कुछ एक्स यूजर्स ने रोहित के फैसले की आलोचना की. हरभजन उन लोगों में शामिल हैं जो रोहित के टीम से बाहर रहने के फैसले के समर्थन में थे. शनिवार को उन्होंने उन यूजर्स को जवाब दिया जो रोहित के बाहर रहने पर उन पर निशाना साध रहे थे.

ऐसे ही एक यूजर ने रोहित के सिडनी टेस्ट में बाहर रहने पर हरभजन के पोस्ट का जवाब देते धोनी को लीडर और रोहित शर्मा के बाहर रहने को कायरता करार दिया था. यूजर ने लिखा, ‘लीडर बीच मैदान में छोड़कर भागता है क्या. इस हालत में टीम लीडर ने ही पहुंचाया है. इसे सेल्फलेस नहीं कायरता कहते हैं पाजी. लीडर धोनी थे. जिन्होने टीम के लिए सीनियर खिलाड़ी को भहार करने का माद्दा दिखाया.’

इस पर हरभजन सिंह ने कहा, ‘जानता हूं कौन भागा था. याद दिलाऊँ? कारण भी बताऊँगा. रोंगटे खड़े हो जाएँगे.’

इसके अलावा एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘हां, रोहित शर्मा ने नमक मिर्च लगाकर ड्रेसिंग रूम की जानकारी साझा की ताकि कोच और टीम के साथी खिलाड़ियों के खिलाफ झूठा नैरेटिव बनाया जा सके. क्या आप इस बात से इनकार करेंगे कि उन्होंने इसी पांडे के साथ मिलकर पहले भी कई बार ऐसा किया है?’

इस पर हरभजन ने लिखा, ‘ऐसा लगता है कि आपको ड्रेसिंग रूम से जानकारी मिल रही है. तुम्हारा सोर्स कौन है? मैं जानता हूं कि कौन ये गंदे खेल खेल रहा है कि आप लोगों को पैसे देकर एक ईमानदार इनसान के खिलाफ गंदे खेल खेले जाएं.

रोहित हालांकि सिडनी टेस्ट में नहीं खेले लेकिन भारतीय टीम इस मुकाबले में छह विकेट से हार गई. रविवार को मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल कर 10 साल बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा किया. इस हार के साथ ही भारत का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का सपना भी टूट गया. भारतीय टीम ने लगातार दो बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई थी. हालांकि दोनों बार उसे हार का सामना करन पड़ा था. अब ऑस्ट्रेलिया ने लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है. उसका खिताबी मुकाबला साउथ अफ्रीका के साथ जून 2025 में लॉर्ड्स में होगा.