×

प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने के बाद जसप्रीत बुमराह ने अपनी चोट पर किया खुलासा, कहा- आप अपने शरीर से...

भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में हार का सामना करना पड़ा. सिडनी में खेले गे सीरीज के आखिरी मैच में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने अपनी चोट को लेकर भी अपडे़ट दी.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Published: Jan 05, 2025, 11:30 AM (IST)
Edited: Jan 05, 2025, 12:31 PM (IST)

सिडनी: जसप्रीत बुमराह सिडनी टेस्ट की दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं कर पाए. और इसका असर मैच के नतीजे पर भी पड़ा. तेज गेंदबाजों के लिए पूरी सीरीज में यह सबसे मददगार पिच कही जा रही थी. और इस गेंदबाजी से चूकने के बाद बुमराह खुद भी निराश हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी खिलाड़ी के लिए अपने शरीर का सम्मान करना अहम हो जाता है.

बुमराह तीसरे दिन गेंदबाजी नहीं कर सके जब भारत को गेंदबाजी की मददगार पिच पर 162 रन के छोटे लक्ष्य का बचाव करना था. ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 27 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 10 साल बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत ली.

सीरीज में 32 विकेट चटकाने के लिए बुमराह को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. उन्होंने प्रजेंटेशन के दौरान कहा, ‘यह थोड़ा निराशाजनक है लेकिन कभी-कभी आपको अपने शरीर का सम्मान करना होता है. आप अपने शरीर से नहीं लड़ सकते. निराशाजनक, शायद सीरीज के सबसे अच्छे विकेट पर गेंदबाजी करने से चूक गया.’

उन्होंने कहा,‘पहली पारी में अपने दूसरे स्पैल के दौरान थोड़ी असहजता महसूस हुई और मुझे इस पर ध्यान देना पड़ा.’ तीसरे दिन दूसरी पारी में छह विकेट पर 141 रन से आगे खेलते हुए भारत ने अपने बाकी चार विकेट 16 रन पर गंवा दिए और दूसरी पारी में 157 रन पर आउट हो गया.

सुबह हुई बातचीत के बारे में पूछे जाने पर बुमराह ने कहा, ‘आज सुबह की बातचीत इसी बारे में थी, विश्वास रखने और जज्बा दिखाने के बारे में. बहुत सारे अगर-मगर, पूरी सीरीज में कड़ी टक्कर देखने को मिली. हम आज भी मुकाबले में थे, ऐसा नहीं कि हम इससे बाहर थे, टेस्ट क्रिकेट ऐसे ही चलता है.’

इस तेज गेंदबाज ने कहा, ‘लंबे समय तक खेल में बने रहना, दबाव बनाना, दबाव को झेलना और स्थिति के हिसाब से खेलना सभी कुछ महत्वपूर्ण हैं. आपको परिस्थितियों के हिसाब से ढलना होता है और ये सीख हमें भविष्य में मदद करेगी.’

बुमराह ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में खेलने का अनुभव नितीश रेड्डी और हर्षित राणा जैसे युवा खिलाड़ियों को भविष्य में मदद करेगा.

उन्होंने कहा, ‘उन्होंने (युवा खिलाड़ियों ने) बहुत अनुभव प्राप्त किया है, वे आगे और बेहतर होते जाएंगे. हमने दिखाया है कि हमारे खिलाड़ियों के समूह में बहुत प्रतिभा है.’

TRENDING NOW

बुमराह ने कहा, ‘बहुत से युवा खिलाड़ी उत्सुक हैं, वे निराश हैं कि हम जीत नहीं पाए लेकिन वे इस अनुभव से सीख लेंगे. यह एक शानदार सीरीज थी, ऑस्ट्रेलिया को बधाई. उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया.’