×

BGT ट्रॉफी देने के लिये बॉर्डर के साथ बुलाए नहीं जाने पर नाराज हुए सुनील गावस्कर

भारत के महान बल्लेबाज ने कहा, मैं मैदान पर ही था, मुझे फर्क नहीं पड़ता कि ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया को दी जा रही थी, उन्होंने बेहतर क्रिकेट खेला और जीते,

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Published: Jan 05, 2025, 12:13 PM (IST)
Edited: Jan 05, 2025, 12:13 PM (IST)

Sunil Gavaskar upset: महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने अपने और एलेन बॉर्डर के नाम पर दी जाने वाली ट्रॉफी ऑस्ट्रेलियाई टीम को प्रदान करने के लिये बुलाये नहीं जाने पर नाराजगी जताई है. ऑस्ट्रेलिया ने पांचवें और आखिरी टेस्ट में भारत को छह विकेट से हराकर दस साल में पहली बार बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीती.

बॉर्डर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को ट्रॉफी प्रदान की जबकि उस समय मैदान पर मौजूद होने के बावजूद गावस्कर को बुलाया नहीं गया. गावस्कर ने बाद में कोड स्पोटर्स से कहा, मुझे पुरस्कार वितरण समारोह में जाकर खुशी होती, आखिरकार यह बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी है और ऑस्ट्रेलिया और भारत से जुड़ी है.

बॉर्डर के साथ ट्रॉफी प्रदान करके मुझे खुशी होती: गावस्कर

उन्होंने कहा, मैं मैदान पर ही था, मुझे फर्क नहीं पड़ता कि ट्रॉफी ऑस्ट्रेलिया को दी जा रही थी, उन्होंने बेहतर क्रिकेट खेला और जीते, ठीक है. उन्होंने कहा सिर्फ इसलिये कि मैं एक भारतीय हूं, अपने अच्छे दोस्त एलेन बॉर्डर के साथ ट्रॉफी प्रदान करके मुझे खुशी होती. भारत और ऑस्ट्रेलिया 1996- 97 से बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिये खेल रहे हैं. इस बार पांच मैचों की सीरीज में पिछले सप्ताह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर अब तक का दर्शक संख्या का रिकॉर्ड टूटा है.

ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से जीती सीरीज

शीर्ष खिलाड़ियों की खराब फॉर्म से जूझ रही भारतीय टीम रविवार को पांचवें और अंतिम टेस्ट में छह विकेट से हार के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल से बाहर हो गई जबकि ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ 10 साल बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 3-1 से जीतकर डब्ल्यूटीसी फाइनल में जगह बनाई.

गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया अब 11 से 15 जून तक लॉर्ड्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल खेलेंगे.

TRENDING NOW

इनपुट- भाषा