×

'आपने उसे गन्ने की तरह निचोड़ दिया', बुमराह की चोट पर भड़के हरभजन सिंह

हरभजन सिंह ने कहा है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट ने जसप्रीत बुमराह को सीरीज में गन्ने की तरह निचोड़कर उसका जूस निकाल लिया. उनका कहना था बुमराह से ज्यादा गेंदबाजी करवाई गई.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Published: Jan 06, 2025, 07:05 PM (IST)
Edited: Jan 06, 2025, 07:05 PM (IST)

भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा. 10 साल में पहली बार भारत को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम के ज्यादातर सीनियर खिलाड़ी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए. जसप्रीत बुमराह ने पूरी ताकत लगाई. वह भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी रहे. पूरी सीरीज में उन्होंने कुल 32 विकेट लिए. जब भी भारतीय टीम मुश्किल में नजर आई तो बुमराह ही एकमात्र इलाज के तौर पर नजर आए.

अपने यूट्यूब चैनल पर हरभजन सिंह ने गुस्सा निकालते हुए कहा, ‘उसे ऐसे इस्तेमाल किया गया जैसे गन्ने से रस निकाल लिया हो. ट्रेविस हेड आया है, बॉल बुमराह को दो. मार्नस आया है, बॉल बुमराह को दो. स्टीव स्मिथ आया है, बॉल बुमराह को दो. बुमराह कितने ओवर फेंकेगा?’

बुमराह की पीठ में आई परेशानी के लिए हरभनज सिंह ने सीधे तौर पर टीम प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा, ‘उन्हें इस परिस्थिति में पहुंचा दिया गया कि वह आखिर में उपलब्ध ही नहीं रहे. ऑस्ट्रेलिया आखिरी टेस्ट जीत जाता लेकिन उसके आठ विकेट गिर जाते, और यह उसके लिए बहुत मुश्किल होता. टीम मैनेजमेंट को यह तय करना चाहिए था कि बुमराह कितने ओवर फेंकेगे.’

सिडनी टेस्ट की आखिरी पारी में बुमराह को अस्पताल ले जाया गया. उनकी पीठ में अकड़न आ गई थी. ऑस्ट्रेलिया को आखिरी पारी में 162 रन का लक्ष्य मिला था लेकिन भारतीय टीम के पास बुमराह गेंदबाजी के लिए नहीं थे. मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने मुकाबला करीबी बनाने की कोशिश की. ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट तो गिरे लेकिन यह काफी नहीं था. आखिर में ऑस्ट्रेलिया ने एक दशक के बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया.

TRENDING NOW

अब ऐसी भी रिपोर्ट्स आ रही हैं कि बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 इंटरनेशनल सीरीज भी इस चोट के चलते बाहर हो सकते हैं. बुमराह की चोट कितनी गंभीर है इस बात की जानकारी अभी नहीं मिली है.