विराट कोहली और रोहित शर्मा को रवि शास्त्री की सलाह, क्या मिलेगी खोई हुई फॉर्म
भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री का मानना है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा को जाकर घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए. उन्होंने कहा कि इससे उन्हें भी फायदा होगा और युवा खिलाड़ियों को भी सीखने का मौका मिलेगा.
विराट कोहली और रोहित शर्मा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में बल्ले से बुरी तरह नाकाम रहे. इसके बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि इन दोनों को घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए. टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री भी इस बात से सहमत हैं. कोहली और रोहित अपने फॉर्म के चलते आलोचकों के निशाने पर हैं. और सीरीज में भारत की 1-3 से हार के बाद सीनियर बल्लेबाज आलोचकों के भी निशाने पर हैं.
कोहली पांच मैचों की सीरीज की नौ पारियों में 8 बार ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर आउट हुए. वहीं भारतीय कप्तान रोहित ने 5 पारियों में सिर्फ 31 रन बनाए. उनका बल्लेबाजी औसत सिर्फ 6.2 का रहा. रोहित ने खुद को सिडनी में हुए सीरीज के आखिरी टेस्ट मैच से खुद को बाहर रखा. वह खराब प्रदर्शन के चलते खुद ही आखिरी मैच से बाहर रहे. इसके बाद कई जानकारों ने कहा कि इन दोनों को घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए. ताकि वह फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में अपनी फॉर्म हासिल कर सकें. शास्त्री भी इससे सहमत हैं. उन्होंने कहा कि इन सीनियर खिलाड़ियों को इस मौके का फायदा जरूर उठाना चाहिए.
आईसीसी रिव्यू में उन्होंने कहा कि इससे भारतीय क्रिकेट की युवा पीढ़ी को फायदा होगा. और मौजूदा खिलाड़ी इन सीनियर के साथ रहकर काफी कुछ सीख सकती है. और साथ ही वह भारत की स्पिनर्स के लिए मददगार पिच पर खेलने के आदी भी हो सकते हैं.
शास्त्री ने कहा, 'अगर अब उनके लिए गैप है, मुझे लगता है कि उन्हें वापस जाकर थोड़ा घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए और देखना चाहिए कि इससे क्या होता है.'
उन्होंने आगे कहा, 'चूंकि जब आप इतने लंबे समय तक टेस्ट मैच क्रिकेट खेलते हैं, तो दो सीजन के लिए आपको घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए. आप युवा पीढ़ी के साथ खेलते हैं और युवा पीढ़ी को अपने अनुभव से फायदा पहुंचाते हैं. और इससे भी ज्यादा जरूरी यह है कि आपको जितना स्पिन खेलने का मौका मिलेगा वह कभी नहीं मिलता. अगर आप भारतीय पीढ़ी की मौजूदा स्थिति को देखें तो इन पिचों पर टीम का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं है. अगर विपक्षी टीम में बहुत अच्छे स्पिनर्स हों, तो वे आपको परेशान कर सकते हैं. और उन्होंने भारतीय टीम को परेशान किया है.'