This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
सौरव गांगुली ने लिया भारतीय टीम का पक्ष, बोले सभी टीमें उठाती हैं घरेलू माहौल का लाभ
गांगुली ने हालांकि आस्ट्रेलियाई दिग्गज मैथ्यू हेडेन और भारतीय टीम के टीम निदेशक रवि शास्त्री के बीच चल रहे विवाद से खुद को दूर ही रखा
Written by Indo-Asian News Service
Published: Dec 04, 2015, 10:08 AM (IST)
Edited: Dec 04, 2015, 01:06 PM (IST)


कोलकाता। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी टेस्ट श्रृंखला में विकेट को लेकर उठे विवाद में अब भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी भारतीय टीम का पक्ष लेते हुए कहा है कि दुनिया की सभी टीमें घरेलू माहौल का लाभ उठाती हैं। बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष गांगुली ने हालांकि आस्ट्रेलियाई दिग्गज मैथ्यू हेडन और भारतीय टीम के टीम निदेशक रवि शास्त्री के बीच चल रहे विवाद से खुद को दूर ही रखा। उल्लेखनीय है कि हेडन ने नागपुर टेस्ट की पिच को लेकर आस्ट्रेलियाई आलोचकों के खिलाफ बोलने वाले शास्त्री की मंगलवार को आलोचना करते हुए कहा था कि अपने देश के लिए 103 टेस्ट मैच खेलने के बाद उन्हें खेल में सुधार को लेकर बोलने का पूरा हक है। पिच को लेकर चल रहे विवाद पर गांगुली ने कहा, “सभी टीमें घरेलू माहौल का लाभ उठाती हैं।”
गांगुली ने भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली को सभी प्रारूपों की कप्तानी दिए जाने का भी समर्थन किया। गांगुली ने कहा, “यह कहना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन कोहली को अंतत: सभी प्रारूपों की कप्तानी संभालनी ही होगी।” गौरतलब है कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला में अब तक हुए तीन मैचों में से दो में जीत हासिल कर भारत 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है।
TRENDING NOW
अब तक हुए तीन मैचों में जो दो मैच पूरे हो सके वो स्पिन के अनुकूल पिच होने के कारण कम स्कोर वाले रहे और तीन दिन के भीतर समाप्त हो गए, जबकि बेंगलुरू में बारिश के कारण धुले मैच में हुए एक दिन के खेल में ही 12 विकेट गिरे थे। तीसरे टेस्ट मैच की मेजबानी करने वाले नागपुर की पिच को तो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मैच रेफरी ने ‘खराब’ श्रेणी का करार दिया है।
